Homeउत्तराखण्ड न्यूजउत्तराखंड की डांसर प्रियंका खंतवाल का टॉलीवुड फिल्म में डेब्यू, ईटीवी भारत...

उत्तराखंड की डांसर प्रियंका खंतवाल का टॉलीवुड फिल्म में डेब्यू, ईटीवी भारत पर साझा किया सफर


ईटीवी भारत पर प्रियंका खंतवाल (फोटो- ETV Bharat)

देहरादून (उत्तराखंड): पहाड़ों की पंगडंडियों से निकली एक साधारण सी युवती आज टॉलीवुड तक का सफर कर गई हैं. यह युवती कोई नहीं, बल्कि उत्तराखंड की मिट्टी से निकली एक चमकती हुई सितारा प्रियंका खंतवाल है. जो अपनी काबिलियत के बल पर साउथ फिल्म इंडस्ट्री खासकर कन्नड़ सिनेमा यानी टॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री मार चुकी हैं.

प्रियंका खंतवाल का बड़े पर्दे पर डेब्यू: प्रियंका खंतवाल एक डांसर और अभिनेत्री हैं, जो डांसिंग रियलिटी शो ‘जोड़ी सीजन 11’, ‘डांस इंडिया डांस’ चैंपियन डबल डोज और ‘डांस प्लस 5’ जैसी मशहूर प्रतियोगिताओं में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा चुकीं हैं. डांस की दुनिया में आग लगाने वाली प्रयंका अब बड़े पर्दे पर अपनी पहली फिल्म ‘वाइल्ड टाइगर सफारी’ के साथ डेब्यू कर रही है.

PRIYANKA KHANTWAL

अभिनेत्री एवं डांसर प्रियंका खंतवाल (फोटो- ETV Bharat)

धूम मचा रहा ‘ट्रेंडिंग’ सॉन्ग: उनका डेब्यू सॉन्ग ‘Trendingg’ इन दिनों सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है. हिंदी और कन्नड़ फिल्म वाइल्ड टाइगर सफारी के गाने में प्रियंका मुख्य भूमिका में नजर आई हैं, इस गाने को लोग खूब पसंद कर रहे है. यह गाना न सिर्फ दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर रहा है, बल्कि प्रियंका की उत्तराखंडी जड़ों को भी गर्व से चमका रहा है.

पौड़ी के बंदखणी गांव की रहने वाली है प्रयंका खंतवाल: मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन तहसील के बंदखणी गांव की रहने वाली प्रियंका का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. प्रियंका का परिवार गांव में ही बसता है, जहां पिता किशोरी लाल खंतवाल भारतीय वायुसेना से रिटायर्ड अधिकारी हैं.

PRIYANKA KHANTWAL

गाने के सेट पर प्रियंका खंतवाल (फोटो सोर्स- Priyanka Khantwal)

एयरफोर्स से रिटायर्ड अधिकारी हैं प्रियंका के पिता: एयरफोर्स से सेवानिवृत्ति के बाद वे गांव के वन निगम के सरपंच के रूप में सक्रिय हैं, जो पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय विकास के लिए समर्पित हैं. वहीं, मां कलावती खंतवाल पड़ैर ग्रामसभा की सरपंच हैं, जो ग्रामीण स्तर पर महिला सशक्तिकरण और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं.

माता-पिता ने दी मेहनत और अनुशासन की सीख: ऐसे परिवार से ताल्लुक रखने वाली प्रियंका खंतवाल ने ईटीवी भारत से खास बातचीत की. उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें हमेशा मेहनत और अनुशासन की सीख दी. वायुसेना के अनुशासित जीवन से पिता ने उन्हें प्रोफेशनल एथिक्स सिखाया. जबकि, मां ने गांव की जिम्मेदारियों से सामाजिक मूल्यों का पाठ पढ़ाया.

PRIYANKA KHANTWAL

डांस करती हुईं प्रियंका खंतवाल (फोटो सोर्स- Priyanka Khantwal)

आसान नहीं था डांसिंग और टॉलीवुड तक जाने का सफर: प्रियंका का डांसिंग का सफर बचपन से ही शुरू हो गया था, लेकिन उत्तराखंड से टॉलीवुड तक जाने का सफर आसान नहीं था. क्योंकि, वो शुरुआती दौर में घर से छुपा कर डांस सीख रही थी, लेकिन जब उनके घर वालों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने इन्हें इंजीनियर और डॉक्टर बनने की सलाह दी.

जिद के आगे झुका परिवार, सपना पूरा करने मुंबई भेजा: घरवालों का मानना था कि डांसिंग प्रोफेशन में कुछ नहीं रखा है, लेकिन प्रियंका अपने जिद पर अड़ी रही और मुंबई जाने का मन बना लिया. ऐसे में प्रियंका की जिद के आगे परिवार को झुकना पड़ा और परिवार में उन्हें मुंबई में डांस सीखने के लिए भेज दिया.

PRIYANKA KHANTWAL

Trendingg सॉन्ग की शूटिंग (फोटो सोर्स- Priyanka Khantwal)

पहाड़ी लोक नृत्यों से प्रेरित होकर डांस फॉर्म्स में हासिल की महारत: उत्तराखंड के पहाड़ी लोक नृत्यों से प्रेरित होकर उन्होंने शास्त्रीय और समकालीन डांस फॉर्म्स में महारत हासिल की. पुणे यूनिवर्सिटी से स्नातक करने के बाद वे मुंबई पहुंचीं, जहां रियलिटी शो ने उन्हें पहचान दी. ‘जोड़ी सीजन 11’ में पार्टनर डांस से उन्होंने जजेस को प्रभावित किया.

फिल्म इंडस्ट्री के खोले दरवाजे: इसके अलावा ‘डीआईडी चैंपियन डबल डोज’ में सोलो परफॉर्मेंस से लाखों वोट हासिल किए. वहीं, डांस प्लस 5 में रेमो डिसूजा जैसे गुरुओं की निगाहों में आकर उन्होंने अपनी कला को और निखारा. इन शो ने न सिर्फ उन्हें फेमस किया, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के दरवाजे भी खोल दिए.

‘ट्रेंडिंग’ पार्टी सॉन्ग प्रियंका ने दिया परफॉर्मेंस: मई महीने में रिलीज होने जा रही हिंदी और कन्नड़ फिल्म ‘वाइल्ड टाइगर सफारी (Wild Tiger Safari) का एक ‘ट्रेंडिंग’ नामक पार्टी सॉन्ग काफी ज्यादा वायरल हो रहा है. इस पार्टी सॉन्ग में प्रियंका खंडवाला ने अपना परफॉर्मेंस दिया है, यानी इस फिल्म के जरिए ही प्रियंका ने टॉलीवुड में डेब्यू किया है.

वाइल्ड टाइगर सफारी फिल्म वन्यजीवों और साहसिक यात्रा पर आधारित है, जिसमें प्रियंका का डेब्यू सॉन्ग एक हाइलाइट है. इस गाने में उनका डांस मूव्स को जंगल की थीम के साथ फ्यूज किया गया है, जो दर्शकों को काफी ज्यादा पसंद आ रहा है.

ट्रेंडिंग गाने की शूटिंग का अनुभव काफी मजेदार था. यह मेरे लिए सपनों जैसा था. डायरेक्टर चंद्रमौली के साथ काम करना बेहद प्रेरणादायक रहा.“- प्रियंका खंतवाल, अभिनेत्री एवं डांसर

ये भी पढ़ें-

एक नजर