Homeउत्तराखण्ड न्यूजइस बार गंगोत्री धाम में होने जा रहा ये बदलाव, मंदिर समिति...

इस बार गंगोत्री धाम में होने जा रहा ये बदलाव, मंदिर समिति ने लिया अहम फैसला


गंगोत्री धाम (फाइल फोटो) (Photo-ETV Bharat)

उत्तरकाशी (उत्तराखंड): गंगोत्री मंदिर समिति की ओर से धाम में मुख्य मंदिर के दर्शन के लिए समय में बदलाव किया गया है. समिति के अनुसार अब श्रद्धालु शाम चार बजे तक ही गंगा जी के दर्शन कर पाएंगे. उसके बाद शाम पौने आठ बजे तक गंगा के शयनकाल के लिए कपाट बंद कर दिए जाएंगे. श्रद्धालु पौने आठ बजे होने वाली गंगा आरती के बाद रात्री दस बजे तक दर्शन कर पाएंगे.

शनिवार को गंगोत्री धर्मशाला में गंगोत्री मंदिर समिति समेत तीर्थ पुरोहितों की वार्षिक बैठक का आयोजन किया गया. इसमें आय व्यय के साथ ही इस वर्ष के मुख्य मंदिर में पुजारी और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई. बैठक में सबसे अहम निर्णय गंगोत्री मंदिर दर्शन की समय सारिणी को लेकर लिया गया. गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि गत वर्ष तक धाम में मंदिर के दर्शन दोपहर दो बजे तक होते थे. उसके बाद मंदिर के कपाट तीन बजे तक बंद कर दिए जाते थे और उसके बाद दोबारा दर्शन होते थे. इसलिए इस बार सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब मंदिर के दर्शन शाम चार बजे तक होंगे. उसके बाद पौने आठ बजे सायंकालीन गंगा आरती के दौरान मंदिर के कपाट दोबारा दर्शन के लिए खोले जाएंगे.

Gangotri Temple Committee

मंदिर समिति ने बैठक में लिया फैसला (Photo-ETV Bharat)

गंगोत्री मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी सतेंद्र सेमवाल ने बताया कि यह निर्णय यात्रियों को धाम में रोकने के लिए लिया गया है. इस बीच में यात्री घाटों पर पूजा समेत अन्य मंदिरों के दर्शन और घाट पर होने वाली सात बजे की आरती में भी शामिल हो पाएंगे. साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि कोई भी तीर्थ पुरोहित और मंदिर कर्मचारियों व अन्य लोगों को मोबाइल नहीं ले जाने दिया जाएगा. साथ ही कोई भी वहां से लाइव दर्शन नहीं करवाएगा. इस मौके पर अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सुरेश सेमवाल, सतीश सेमवाल, अभिषेक सेमवाल, सुशील सेमवाल, भागेश्वर सेमवाल, रविंद्र सेमवाल, सतेंद्र, राजेश, महेश सेमवाल आदि मौजूद रहे.

Gangotri Temple Committee

गंगोत्री मंदिर समिति की बैठक में उपस्थित लोग (Photo-ETV Bharat)

इस बार यमुनोत्री व गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ के लिए खोल दिए जाएंगे. 19 अप्रैल की सुबह गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए विधि विधान से खुलेंगे. जिसके साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो जाएगा.

पढ़ें-

एक नजर