Homeउत्तराखण्ड न्यूजपिथौरागढ़ हादसे में मारे गए 6 लोगों की चिता एक साथ जली,...

पिथौरागढ़ हादसे में मारे गए 6 लोगों की चिता एक साथ जली, अंत्येष्टि पर भावुक हुए लोग


पिथौरागढ़: थल-पिथौरागढ़ मार्ग पर मुवानी के पास मैक्स दुर्घटना में मारे गए 6 लोगों की चिता एक साथ जली. हादसे में मृतक दो बहनों समेत 6 लोगों की अंत्येष्टि नैनी के केदारेश्वर घाट के राम गंगा तट पर हुई. एक साथ 6 चिता जलने से अंत्येष्टि में गए लोग भावुक हो गए.

केदारेश्वर घाट में एक साथ जली 6 चिताएं: आज यानी 16 जुलाई को गमगीन माहौल में केदारेश्वर घाट में तनुजा बिष्ट, विनीता बिष्ट, नरेंद्र सिंह, शांति देवी, होशियार सिंह, राजेंद्र सिंह की एक साथ अंतिम संस्कार किया गया. हादसे में मृतक सभी 8 लोगों का मंगलवार देर रात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुवानी में पोस्टमार्टम किया गया. जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया.

वाहन हादसे में मृतकों का अंतिम संस्कार (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

दो सगी बहनें तनुजा और विनीता की मौत: बोकटा गांव में एक साथ 8 लोगों की मौत से शोक की लहर है. हर कोई घटना को लेकर स्तब्ध है. वहीं, दो बहनें तनुजा और विनीता की एक साथ मौत के बाद परिवार के सदस्य बेसुध है. तनुजा और विनीता आपस में सगी बहनें थीं, जो राजकीय इंटर कॉलेज मुवानी में पढ़ाई करती थी.

Pithoragarh Vehicle Accident

तनुजा और विनीता की मौत (फाइल फोटो- Family Member)

बेटियों की मौत पर टूट से गए पिता चंद्र सिंह: विनीता 11वीं और तनुजा 9वीं की छात्रा थी. दोनों बेटियों की मौत पर पिता चंद्र सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. फूल जैसी बेटियां को खोने के बाद चंद्र सिंह टूट से गए हैं. यह हादसा चंद्र सिंह और अन्य लोगों को ऐसा जख्म दे गया, जो शायद ही कभी भर पाएगा.

Pithoragarh Vehicle Accident

सूनी पुल से नदी में गिरा मैक्स वाहन (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

8 साल की सिमरन की मां के सामने मौत: इसके अलावा सिमरन की भी मौत हुई है. जो महज 8 साल की थी. जबकि, उसकी मां पूजा गंभीर रूप से घायल हो गईं. पूजा के सामने ही उसकी बेटी ने दम तोड़ दिया. जिसे देख घायल मां का कलेजा फट सा गया. सिमरन मुवानी के एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 1 में पढ़ती थी. उसके पिता भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं.

Pithoragarh Vehicle Accident

हादसे का शिकार वाहन (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

सूनी पुल से नदी में गिरा था मैक्स वाहन: बता दें कि बीती रोज यानी 15 जुलाई को शाम करीब 4 बजे के आस पास थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग में मुवानी के पास सूनी पुल से एक मैक्स वाहन संख्या UK 05 TA 0193 अनियंत्रित होकर सीधे नीचे नदी में जा गिरा था. इस हादसे में 8 लोगों की मौत तो 6 लोग घायल हो गए.

मैक्स हादसे में मृतक-

  1. सिमरन पुत्री कुंदन सिंह (उम्र 8 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  2. विनीता पुत्री चंद्र सिंह (उम्र 14 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  3. तनुजा पुत्री चंद्र सिंह (उम्र 15 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  4. नरेंद्र सिंह पुत्र चंद्र सिंह (उम्र 40 वर्ष) वाहन चालक, निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  5. राजेंद्र सिंह पुत्र किशन सिंह (उम्र 60 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  6. होशियार सिंह पुत्र भीम सिंह (उम्र 65 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  7. शांति देवी पुत्री केशर राम (उम्र 50 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  8. दिकभा पत्नी पंकज सिंह (उम्र 28 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़

मैक्स हादसे में घायल-

  1. विनीता पुत्री पूरन बहादुर (उम्र 20 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  2. योगेश कुमार (उम्र 21 वर्ष), निवासी- बोकटा
  3. सुमित सिंह (उम्र 22 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  4. पूजा (उम्र 29 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  5. श्याम सिंह (उम्र 50 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
  6. कल्याण सिंह (उम्र 55 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़

संबंधित खबरें पढ़ें-

एक नजर