देहरादून: देवभूमि के पहाड़ के गांवों में एक बार फिर से रौनक लौट आई है, ये बेशक एक दो दिन की होगी और ये गांव फिर से वीरानी की गाथा सुनाएंगे। दरअसल, आज उत्तराखंड के 12 जिलों में पहले चरण का मतदान ग्राम पंचायतों का हो रहा है। अपने ग्राम में अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करने हजारों से संख्या में लोग शहरों से पहुंचे हैं।
प्रतिष्ठा का प्रश्न बने परिवार
ग्राम में अपने रिश्ते नातेदारों के उम्मीदवार बनने से वोटर की अहमियत भी बढ़ गई है, उन्हें अधिकार पूर्वक पहाड़ बुलाया गया है। ग्राम में चुनाव परिवार प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गए हैं। प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चलेगी। प्रदेश के 12 जिलों में मतदान का पहला चरण आज हो रहा है जबकि दूसरा चरण 28 को होगा। 26 लाख से अधिक मतदाता 17,829 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड : कैबिनेट बैठक में कुंभ, शिक्षा और ई-स्टैंपिंग पर बड़े फैसले
गढ़वाल मंडल के छह जिलों में 26 और कुमाऊं मंडल के छह जिलों के 23 विकासखंडों में पहले चरण का मतदान आज संपन्न होने जा रहा है। ग्राम, क्षेत्र और जिला पंचायत के 6049 पदों पर प्रथम चरण में चुनाव हो रहा है जिसके लिए 5823 पोलिंग बूथ बनाए गए है। मानसून बारिश क़ो लेकर एस डी आर एफ, एन डी आर एफ क़ो भी तैनात गया हैं। डीजीपी दीपम सेठ ने चुनाव शांतिपूर्वक करवाने के लिए सख्त बंदोबस्त किए हैं।
सीएम धामी खटीमा में करेंगे मतदान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी आज खटीमा में नगला तराई ग्राम के अपने बूथ पर मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में आज गजब का उत्साह है हमारी पार्टी के कार्यकर्ता भी अपनी जीत के लिए उत्साहित है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी ग्रामीणों से मतदान में बढ़-चढ़ कर हिस्सेदारी करने की अपील की है।