कोतवाली ट्रांजिट कैंप (Photo-ETV Bharat)
रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में हनीट्रैप और जबरन वसूली का एक मामला सामने आया है. पीड़ित व्यवसायी ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उन्हें एक युवती ने अपने जाल में फंसाकर न केवल बंधक बनाया, बल्कि उनके साथ मारपीट कर उनसे लाखों रुपये की मांग की गई. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
पीड़ित के अनुसार, लड़की उनसे कई दिनों से फोन पर बातचीत कर रही थी. 27 मार्च को उसने उन्हें रामपुर से आने की बात कहकर फुलसुंगा श्मशान घाट के पास मिलने के लिए बुलाया. जब वो वहां पहुंचे, तो युवती उन्हें अपने घर ले गई, जहां पहले से ही अन्य लोग मौजूद थे. आरोप है कि घर के अंदर पहुंचते ही एक और लड़की और चार युवक अचानक सामने आ गए. इन लोगों ने जबरदस्ती पीड़ित के कपड़े उतरवाए, उनकी वीडियो बनाई और उनके साथ मारपीट की. साथ ही उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई. आरोपियों ने पीड़ित के हाथ-पैर बांध दिए और पांच लाख रुपये की मांग की.
कहा कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा. पीड़ित ने बताया कि डर के चलते उन्होंने अपने एक दोस्त से 14 हजार रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए गूगल पे अकाउंट में डलवाए. इसके बाद रात को एक युवती को मौके पर बुलाया गया, जिसने कथित रूप से उनकी ‘जमानत’ ली और उन्हें वहां से बाहर निकाला. जाते समय युवती ने भी उन्हें धमकाते हुए अगले दिन 1 लाख 20 हजार रुपये देने को कहा, वरना झूठे केस में फंसाने की चेतावनी दी. पीड़ित ने यह भी बताया कि 28 मार्च को उन्होंने अपने दोस्त की मौजूदगी में युवती को 30 हजार रुपये नकद दिए, लेकिन इसके बाद भी लगातार फोन कर पैसे की मांग और धमकियां दी जा रही हैं.
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पीड़ित मानसिक रूप से काफी परेशान हैं. पीड़ित की तहरीर के आधार पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है. कोतवाली ट्रांजिट कैंप के प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा.
हरिद्वार लक्सर में दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार: लक्सर पथरी थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार 27 मार्च को थाना पथरी क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग किशोरी को दो युवक बहला-फूसलाकर जंगल में ले गए थे, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. मामले में पीड़ता की मां की तहरीर पर एक नामजद और एक अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराकर पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी.
पढ़ें-महिलाओं की बातों में फिसला शख्स, सुनसान जगह पर बुलाकर की लूट, हनीट्रैप में 2 महिला समेत 6 गिरफ्तार

