Homeउत्तराखण्ड न्यूजउत्तराखंड के स्कूल में 'भूत मंदिर'! जानिये क्या है इसकी सच्चाई, बवाल...

उत्तराखंड के स्कूल में 'भूत मंदिर'! जानिये क्या है इसकी सच्चाई, बवाल पर बैठी जांच


उत्तराखंड के स्कूल में ‘भूत मंदिर’ (फोटो सोर्स: स्थानीय)

देहरादून(उत्तराखंड): शिक्षा के मंदिर में भूत प्रेत की बातें थोड़ा अजीब सी लगती हैं. उत्तराखंड का कौसानी इन्हीं बातों को लेकर आजकल चर्चाओं में है. कौसानी के इंटरमीडिएट कॉलेज में बुरी आत्मा का साया होने की अफवाहें हैं. इसी कड़ी में स्कूल के आस पास बलि देने और आत्मा की शांति के लिए मंदिर निर्माण जैसी बातें सामने आई. साथ ही शांति पाठ के नाम पर अभिभावकों से पैसे लिये जाने की भी बातें हवा में तैरती रही. जिसे लेकर खूब हल्ला हुआ. इसके कारण विभाग को भी जांच के आदेश देने पड़े. क्या है ये पूरा मामला, आइये जानते हैं..

बागेश्वर कौसानी इंटर कॉलेज का मामला: यह पूरा मामला राजकीय इंटर कॉलेज कौसानी बागेश्वर का है. बताया जा रहा है कि काफी समय से स्कूल में छात्राओं की तबीयत अचानक खराब होने के चलते यहां बुरी आत्मा के साए को लेकर बातें होती रही है. यह प्रकरण तब ज्यादा चर्चाओं में आ गया जब इस स्कूल के पास ही एक छोटे से मंदिर का निर्माण कर दिया गया. इस मंदिर में शांति पाठ को लेकर कोशिशें हुई.

BAGESHWAR KAUSANI SCHOOL TEMPLE

बागेश्वर कौसानी स्कूल (ETV Bharat)

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने दिये जांच के आदेश: कहा गया कि ये मंदिर उस आत्मा शांति के लिए बनाया गया, जो बच्चों में खौफ की वजह बनी हुई है. इसके लिए स्कूल अभिभावकों से 100 रुपए लिए गए. इसके बाद यहां पर शांति पाठ भी किया गया. इस चर्चा के सामने आते ही इसकी बातें दूर-दूर तक होने लगी. मामला शिक्षा विभाग तक पहुंच गया. खास बात यह है कि मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्य तक यह बात पहुंचते ही उन्होंने इसकी जांच के आदेश दे दिये.

Bageshwar Kausani School Temple

‘भूत मंदिर’ (फोटो सोर्स: स्थानीय)

एक हफ्ते के भीतर जांच पूरा करने के निर्दश: मुख्य शिक्षा अधिकारी ने इसकी जांच खंड शिक्षा अधिकारी को दी है. एक सप्ताह के भीतर जांच मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेजने के भी निर्देश दिए हैं.

मंदिर में बलि से जुड़ा वीडियो वायरल: शिक्षा विभाग ने जैसे ही इस मामले की जांच के आदेश दिये वैसे ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने लगा. जिसमें एक शख्स इस स्कूल के आसपास मुर्गों की बलि और पशु बलि दिए जाने का दावा करता दिखा. इसमें कहा गया कि स्कूल के आसपास इस तरह मुर्गों और पशुओं की बलि दिए जाने से छात्रों में डर फैल रहा है. इसीलिए यह कोशिश की गई है कि मंदिर बनाकर बलि व्यवस्था को खत्म किया जाए. साथ ही आत्मा को लेकर बच्चों में डर को खत्म करने के लिए मंदिर बनाकर यहां शांति पाठ किया जाए.

BAGESHWAR KAUSANI SCHOOL TEMPLE

जांच के आदेश (सोर्स: शिक्षा विभाग)

अभिभावक शिक्षक संगठन ने दी सफाई: सोशल मीडिया पर ही अभिभावक शिक्षक संगठन के अध्यक्ष ने वीडियो जारी किया. उन्होंने कहा स्कूल परिसर में मंदिर बनाने के लिए किसी से भी जबरन पैसा नहीं लिया गया है. यह प्रयास केवल बच्चों में फैल रहे डर को खत्म करने से जुड़ा है. उन्होंने ही मंदिर से जुड़ा वीडियो साझा किया है.

अक्सर होती रहती हैं छात्राओं के बेहोश होने की घटनाएं: राजकीय इंटर कॉलेज कौसानी में कई बार छात्राओं के अचानक बेहोश होने की घटनाएं होती रही हैं. इस बात को खुद अभिभावक शिक्षक संगठन के अध्यक्ष भी कहते हुए सुनाई देते हैं. बड़ी बात यह है कि शिक्षा विभाग ने छात्रों या अभिभावकों से पैसे लेकर मंदिर बनाने के मामले में जांच के आदेश कर दिए हैं. ऐसे में अब आगे जांच रिपोर्ट में क्या निकलकर सामने आता है यह देखना दिलचस्प होगा.

Bageshwar Kausani School Temple

स्कूल (फोटो सोर्स: ETV Bharat)

वैसे यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्कूल में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद इनकी काउंसलिंग भी की गई थी. इसका कोई खास असर नहीं दिखाई पड़ा. जिसके बाद स्कूल में ही छोटा मंदिर बना दिया गया. ये मंदिर ही आजकल चर्चाओं में बना हुआ है.

पढ़ें- फर्जी तरीके से चल रहा था नशा मुक्ति केंद्र, छापेमारी में मिली कई अनियमितताएं, SDM ने लिया सख्त एक्शन

पढ़ें- उत्तराखंड में खो-खो के नेशनल खिलाड़ियों की मां पर गुलदार ने किया अटैक, मौत

एक नजर