Homeउत्तराखण्ड न्यूजउत्तराखंड के स्कूलों में प्रवेशोत्सव, 67,815 छात्रों ने लिया एडमिशन, नए सत्र...

उत्तराखंड के स्कूलों में प्रवेशोत्सव, 67,815 छात्रों ने लिया एडमिशन, नए सत्र में हुआ ग्रैंड वेलकम


उत्तराखंड में छात्रों का प्रवेश (Photo Courtesy: Department of Education)

देहरादून: विद्यालयी शिक्षा विभाग के तहत माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान के तहत आयोजित प्रवेशोत्सव धूमधाम से मनाया गया. इस विशेष अभियान के तहत प्रदेशभर के राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 01 से 12वीं तक 67,815 नये बच्चों ने दखिला लिया. साथ ही नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई पाठ्यपुस्तकें भी वितरित की गईं. वहीं, विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल जुड़कर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया और बच्चों का उत्साहवर्द्धन भी किया.

उत्तराखंड में स्कूल प्रवेशोत्सव: विद्यालयी शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेशभर के विद्यालयों में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में कक्षा 01 से लेकर कक्षा 12 तक 67,815 नये छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया है. इसमें प्राथमिक स्तर पर 24,381 छात्र-छात्राओं ने विद्यालयों में प्रवेश लिया. इसी तरह उच्च प्राथमिक स्तर पर 31,008 और माध्यमिक स्तर पर 12,426 छात्र-छात्राओं को तमाम विद्यालयों में प्रवेश दिया गया.

School Admission Festival

उत्तराखंड स्कूल प्रवेशोत्सव में 67,815 छात्रों ने लिया एडमिशन (Photo Courtesy: Department of Education)

67,815 बच्चों ने लिया एडमिशन: इसमें प्राथमिक शिक्षा में कक्षा-1 में 20,405 छात्र-छात्राओं, कक्षा-2 में 1447, कक्षा-3 में 958, कक्षा-4 में 849 तथा कक्षा-5 में 722 छात्र-छात्राएं शामिल हैं. इसी प्रकार उच्च प्राथमिक के तहत कक्षा-6 में 28,676, कक्षा-7 में 1219 तथा कक्षा-8 में 1113 छात्र-छात्राएं शामिल हैं. इसके अलावा, माध्यमिक स्तर पर कक्षा-9 में 11,859, कक्षा-10 में 278, कक्षा-11 में 233 और कक्षा-12 में 56 छात्र-छात्राओं ने तमाम विद्यालयों में प्रवेश लिया है.

School Admission Festival

नए छात्र-छात्राओं का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया (Photo Courtesy: Department of Education)

टिहरी जिले में हुए सबसे कम एडमिशन: देहरादून जिले में सबसे अधिक 9,113 छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है. इसी तरह हरिद्वार जिले 7,576 बच्चों, नैनीताल जिले में 6,797 बच्चों, पौड़ी गढ़वाल जिले में 6,069 और अल्मोड़ा जिले में 6,268 बच्चों ने दाखिला लिया है. इसके साथ ही चमोली जिले में 6,310 बच्चों, उधमसिंह नगर में 5,183 बच्चों, पिथौरागढ़ जिले में 4,689 बच्चों, रुद्रप्रयाग जिले में 3,863 बच्चों, उत्तरकाशी जिले में 3,183 बच्चों, बागेश्वर जिले में 3,381 बच्चों, चंपावत जिले में 2,868 बच्चों और टिहरी गढ़वाल जिले में सबसे कम 2,515 बच्चों में दाखिला लिया है.

School Admission Festival

देहरादून जिले में हुए सबसे ज्यादा एडमिशन (Photo Courtesy: Department of Education)

शिक्षा मंत्री ने बढ़ाया नए बच्चों का उत्साह: राजकीय विद्यालयों में आयोजित प्रवेशोत्सव के शुभारंभ के दौरान विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने वुर्चअल जुड़कर नवप्रवेशित बच्चों का उत्साहवर्धन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता हर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. इसके लिये सरकार नई शिक्षा नीति-2020 के अनुसार विद्यालयों में बेहतरीन शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करा रही है. सभी राजकीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के साथ ही स्कूलों का डिजिटलाइजेशन किया जा रहा है. इसके साथ ही विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर कर स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति की जा रहा है.

School Admission Festival

टिहरी गढ़वाल जिले में सबसे कम एडमिशन हुए (Photo Courtesy: Department of Education)

‘स्कूल चलो अभियान’ को धार देने की अपील: शिक्षा मंत्री ने साथ ही कहा कि नये शिक्षा सत्र के शुरू होने पर हर विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई गई जो कि सरकार की बड़ी उपलब्धि है. वही, मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे. साथ ही शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कार्मिकों से अपील की कि वे घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करें और बच्चों को विद्यालय से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं. उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन संभव है.
ये भी पढ़ें:

एक नजर