लॉ एंड ऑर्डर पर सीएम धामी सख्त (PHOTO- ETV Bharat)
देहरादून: राजपुर थाना क्षेत्र में हुए गोलीबारी और रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या मामले पर सीएम धामी ने बड़ा एक्शन लिया है. घटना पर सीएम धामी ने गहरी नाराजगी जताते हुए सख्त रुख अपनाया है. सीएम धामी ने क्षेत्र-3 मसूरी उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और प्रभारी कुठालगेट चौकी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राज्य में किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा.
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और सभी अवांछित एवं हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि रोड रेज, फायरिंग, और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए.
सीएम ने दो टूक कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा. उन्होंने पुलिस और प्रशासन को पूरी सख्ती और मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए.
गौर है कि 30 मार्च की सुबह राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोहड़ी गांव में नाइट क्लब में बिल के विवाद में बड़ा रूप ले लिया. पुलिस के मुताबिक बिल पर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा और बढ़ते-बढ़ते फायरिंग तक चला गया. आरोप है कि बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो कार सवार कुछ युवकों ने ‘जेन जी क्लब’ के संचालक और स्टाफ की फॉर्च्यूनर कार पर फायरिंग कर दी थी. इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी फायरिंग की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई.
घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया. पुलिस ने घटना में शामिल एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. जबकि 4 आरोपी अभी भी फरार हैं. पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल ज्यादातर आरोपी छात्र हैं. इस दौरान सामने ये भी आया कि क्लब/ बार देर रात 2:30 बजे तक खुला था, जहां छात्र मौजूद थे.
इस घटना के बाद इलाके का गुस्सा फूट पड़ा और स्थानीय लोगों ने एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के सामने ही खरी खोटी सुनाते हुए इलाके में पुलिस कानून व्यवस्था की सच्चाई सामने लाए.
ये भी पढ़ें:

