देवभूमि उत्तराखंड के पहाड़ों में मानसून सक्रिय है, अगले तीन दिन तक भारी बारिश के आसार हैं। पहाड़ी जिलों में बारिश के आसार को देखते हुए सरकारी तंत्र को एलर्ट मोड पर रखा गया है। देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण राज्य की 124 सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने के लिए प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। छोटी-बड़ी सड़कें बंद होने से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
लगातार हो रही बारिश से पहाड़ी इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग ने एक बार फिर सतर्क रहने की चेतावनी दी है क्योंकि खतरा अभी टला नहीं है। प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले नागरिकों को नदी के किनारे से दूर रहने की घोषणा करके चेतावनी दी है। गंगा, यमुना, टोंस, शारदा, सरयू, कोसी, गौला, रामगंगा आदि नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। बीती रात नैनीताल में बिजली कड़कने और गरज के साथ लगातार बारिश हुई, बिजली की आवाज इतनी भयानक थी कि पर्यटकों के साथ-साथ शहरवासियों में भी दहशत देखी गई। मौसम के कारण चारधाम यात्रा भी धीमी पड़ गई है। वहीं कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरा जत्था आज टनकपुर पहुंच गया है।