Homeउत्तराखण्ड न्यूजऑपरेशन क्रैकडाउन: देहरादून में 43 हजार बाहरियों का हुआ सत्यापन, 4000 संदिग्धों...

ऑपरेशन क्रैकडाउन: देहरादून में 43 हजार बाहरियों का हुआ सत्यापन, 4000 संदिग्धों पर कार्रवाई, ढाई करोड़ जुर्माना


देहरादून पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाया हुआ है (Photo Courtesy: Dehradun Police)

देहरादून: राजधानी देहरादून में अपराध की बाढ़ आई तो कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस निशाने पर आ गई. चारों ओर से आलोचना झेल रही देहरादून पुलिस अपराधियों पर लगाम कसने के लिए कई ऑपरेशन चला रही है. इनमें ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक, ऑपरेशन नाइट वॉच, ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन क्रैकडाउन मुख्य हैं. देहरादून पुलिस ने पिछले डेढ़ महीने के ऑपरेशन क्रैकडाउन के आंकड़े जारी किए हैं.

ऑपरेशन क्रैकडाउन में 43 हजार बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन: ऑपेरशन क्रैकडाउन (Operation Crackdown) के तहत देहरादून पुलिस ने पिछले डेढ़ महीने में 04 हजार से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ दून पुलिस ने कार्रवाई की है. रेजिडेंशियल अपार्टमेंट और आवासीय कॉलोनियों में स्थित 30 हजार से अधिक मकानों में पुलिस टीमों ने सत्यापन की कार्रवाई की. जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों में 43 हजार से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया.

करीब साढ़े चार हजार व्यक्ति के खिलाफ ऑपरेशन क्रैकडाउन में कार्रवाई हुई: सत्यापन के दौरान संदिग्ध पाए गए 4,466 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. 73 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है. इसके साथ ही किराएदारों, घरेलू नौकरों और अपने प्रतिष्ठानों में कार्य करने वाले कर्मियों के सत्यापन न कराने वाले ढाई हजार से अधिक मकान मालिकों और प्रतिष्ठान स्वामियों के 83 पुलिस एक्ट में चालान कर ढाई करोड़ से अधिक का जुर्माना किया गया.

इन जगहों पर चला ऑपरेशन क्रैकडाउन: बाहरी राज्यों से आकर उत्तराखंड में निवास कर रहे आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस मुख्यालय के आदेश अनुसार सम्पूर्ण राज्य में आपरेशन क्रैकडाउन चलाया गया. अभियान के दौरान संदिग्धों की तलाश कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मलिन बस्तियों और झुग्गी झोपड़ियों के साथ-साथ रेजिडेंशियल अपार्टमेंट, गेटेड आवासीय कॉलोनियों में भी सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे.

342 अपार्टमेंट और 59 कॉलोनियों में चला अभियान: अभियान के तहत जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों में अलग-अलग पुलिस टीमों ने डेढ़ महीने के अभियान के दौरान सत्यापन की कार्रवाई की. अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 342 अपार्टमेंट्स और 59 गेटेड कॉलोनियों में 30 हजार से अधिक आवासों में सत्यापन की कार्रवाई की. इसके साथ ही कॉलोनियों के साथ-साथ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्थित आश्रम, धर्मशालाओं, होटल, गेस्ट हाउस, हॉस्टल आदि में निवासरत कुल 43,499 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया.

किराएदारों, नौकरों का सत्यापन नहीं कराने पर ढाई करोड़ का जुर्माना: सत्यापन के दौरान संदिग्ध पाए गए 4,466 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की. इसमें अपने किरायेदारों, घरेलू नौकरों और अपने प्रतिष्ठान में कार्य करने वाले कर्मियों का सत्यापन नहीं करवाने वाले 2,596 व्यक्तियों पर 83 पुलिस एक्ट में चालान करते हुए 02 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपए का जुर्माना किया गया.

63 संदिग्ध गिरफ्तार हुए: सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध मिले 1,805 किरायेदारों/रेहड़ी-ठेली वालों और अन्य व्यक्तियों के 81 पुलिस एक्ट में चालान किए गए. 63 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ बीएनएसएस और पुलिस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई.

3 विदेशी महिलाएं भी हुईं अरेस्ट: सत्यापन के दौरान बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से देहरादून में रह रहीं 03 विदेशी महिलाओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ थाना रायपुर पर सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. साथ ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए 07 अन्य आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ थाना रायवाला और कैंट में मुकदमा दर्ज किया गया. एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया है कि संदिग्धों की तलाश के लिए दून पुलिस द्वारा चलाया जा रहा सत्यापन अभियान जारी है.

ऑपरेशन क्रैकडाउन के डेढ़ महीने के आंकड़े

  • 30 हजार से ज्यादा मकानों पर सत्यापन कार्रवाई हुई
  • 342 अपार्टमेंट्स, 59 गेटेड कॉलोनियों में चला सत्यापन अभियान
  • आश्रम, धर्मशालाओं, होटल, गेस्ट हाउस और हॉस्टल में भी चला सत्यापन अभियान
  • 43,499 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया
  • 4,466 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की
  • 2,596 व्यक्तियों का चालान हुआ
  • 1,805 किरायेदारों/रेहड़ी-ठेली वालों और अन्य व्यक्तियों का चालान हुआ
  • 63 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया
  • 3 विदेशी महिलाएं भी गिरफ्तार हुईं
  • 07 अन्य आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया
  • किराएदारों, घरेलू नौकरों और प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मियों का सत्यापन नहीं करवाने पर ₹25,960,000 का जुर्माना लगाया

ये भी पढ़ें:

एक नजर