देहरादून: उत्तराखंड में भूस्खलन वाली 20 जगहों के उपाय और मरम्मत के लिए 461 करोड़ रुपए मंज़ूर किए गए हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस विषय की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स में साझा की।
केंद्र सरकार के द्वारा उत्तरकाशी ज़िले में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर भूस्खलन वाली 17 जगहों के उपाय के लिए 233 करोड़ रुपए और पिथौरागढ़ ज़िले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबगड़ खंड पर भूस्खलन वाली 3 जगहों के उपाय के लिए 228 करोड़ रुपये शामिल हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग-134 चारधाम यात्रा का एक मुख्य मार्ग है, जो उत्तराखंड में धरासू और कुथनौर से यमुनोत्री धाम को जोड़ता है। यह खंड भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील है, जिसके कारण सड़क ब्लॉक हो जाती है, यातायात बाधित होता है और सड़क का उपयोग करने वाले सभी लोगों के लिए यात्रा असुरक्षित हो सकती है। भूस्खलन वाली जगहों के उपायों और मरम्मत से भविष्य में सड़क को होने वाले नुकसान से बचने में मदद मिलेगी, साथ ही धार्मिक और पर्यावरण-पर्यटकों तथा स्थानीय सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए सुरक्षित संपर्क सुनिश्चित होगा।
श्री गडकरी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों के उपाय से सड़क यात्रियों (पर्यटकों और स्थानीय लोगों) की सुरक्षा में सुधार होगा और सीमावर्ती क्षेत्रों तक निर्बाध संपर्क सुनिश्चित होगा।

