कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत (Photo-ETV Bharat)
देहरादून: प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस पार्टी सरकार पर लगातार हमलावर है. कांग्रेस पार्टी की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने राज्य की वर्तमान कानून व्यवस्था पर निशाना साधा. हाल ही में देहरादून के राजपुर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले सेवानिवृत्ति ब्रिगेडियर मुकेश कुमार की 30 मार्च की सुबह जोहड़ी गांव में दो कारों पर सवार युवकों के बीच हुई फायरिंग में मौत हो गई थी. जिसके बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर दून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार की शुरुआत की है.
हरक सिंह रावत ने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर हमला किया. उनका कहना है कि वर्तमान सरकार के सारे प्रहार फेल हो चुके हैं. केवल जिले का कप्तान बदलने से कानून व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती. प्रदेश के मुख्यमंत्री अपनी रेलियों में व्यस्त है, उन्हें प्रदेशवासियों से कोई मतलब नहीं रह गया है. दरअसल, बुधवार को हरक सिंह रावत अचानक कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचे और उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वह सरेआम आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि पिछले 5 से 6 महीना से देहरादून में अपराधिक घटनाएं घट रही है और दिन दहाड़े हत्याएं की जा रही है. लेकिन कप्तान बदलने और हर घटना पर मुख्यमंत्री के बयानों से कोई फर्क नहीं पड़ा है. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का माहौल पहली बार इतना खराब हो गया है. यहां ऐसा पहली बार हुआ है कि मॉर्निंग वॉक कर रहे सेवानिवृत्ति ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो जाती है, और अपराधी वारदात को अंजाम देकर राज्य से निकल जाते हैं. वारदात की घटनाओं को अंजाम देने वाले ऐसे अपराधियों को राज्य की सीमाओं में नहीं पकड़ा जा रहा है.
उन्होंने इसे बड़ी चिंता का विषय बताया. हरक सिंह ने कहा आज राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है. सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण में शराब, भू माफियाओं और खनन माफिया फल-फूल रहे हैं. जिस कारण इस राज्य की कानून व्यवस्था निरंतर खराब होती जा रही है.
पढ़ें-

