Homeउत्तराखण्ड न्यूजकेदारनाथ हेली सेवा: हादसों से लिया सबक, फ्लाइट्स में 30 फीसद कटौती,...

केदारनाथ हेली सेवा: हादसों से लिया सबक, फ्लाइट्स में 30 फीसद कटौती, गौचर से बदरीनाथ तक नई शटल सर्विस


केदारनाथ हेली सेवा (ETV Bharat)

देहरादून: उत्तराखंड चारधाम यात्रा 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम पर कपाट खुलने के साथ ही शुरू हो रही है. खास बात यह है कि केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का संचालन 21 अप्रैल से शुरू हो जाएगा, जिसके लिए टिकटों की बुकिंग की प्रक्रिया 10 अप्रैल से शुरू होने की संभावना है.

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की ओर से टेंडर प्रक्रिया को संपन्न किए जाने के साथ ही किराए की सूची भी जारी कर दी गई है. आगामी चारधाम यात्रा के दौरान खास बात ये रहने वाली है कि गौचर से बदरीनाथ धाम के लिए भी हेली सेवाओं का संचालन शुरू होने जा रहा है. कुल मिलाकर चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवाओं का संचालन किया जाएगा.

हेलीकॉप्टर हादसों से लिया सबक: साल 2025 में चारधाम यात्रा के दौरान पांच हेली दुर्घटनाएं हुई थी, जिसको देखते हुए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की ओर से इस साल विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं. मुख्य रूप से हेली दुर्घटनाओं के बाद डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) की ओर से हेली संचालन को लेकर तमाम जरूरी दिशा निर्देश दिए गए थे, जिसमें मुख्य रूप से शटल सेवाओं को 30 फीसदी कम करने के साथ ही एटीसी स्थापित करने पर जोर दिया गया था.

DGCA के दिशा-निर्देश: इस साल भी डीजीसीए की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप की हेली सेवाओं का संचालन किया जाएगा. वर्तमान समय में केदारनाथ और बदरीनाथ में टेंपरेरी ATC संचालित हो रहे हैं, जिसे भविष्य में परमानेंट कर दिया जाएगा.

ETV Bharat

केदारनाथ हेली सेवा का किराया. (ETV Bharat)

केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का राउंड ट्रिप किराया

  • गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम तक के लिए इस साल जीएसटी सहित 12,762 रुपए किराए रखा गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 318 रुपए अधिक है.
  • फाटा से केदारनाथ धाम तक के लिए इस साल जीएसटी सहित 10164 रुपए किराया रखा गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 1322 रुपए अधिक है.
  • सिरसी से केदारनाथ धाम तक के लिए इस साल जीएसटी सहित 6390 रुपए किराया रखा गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 2449 रुपए कम है.

आठ हेली कंपनियां देंगी अपनी सेवाएं: केदारनाथ धाम तक हेली सेवाओं का संचालन किया जाने को लेकर 8 कंपनियों का चयन किया गया है, ये सभी हेली ऑपरेटर्स अलग-अलग जगह से केदारनाथ धाम के लिए शटल सेवाओं का संचालन करेंगे.

ETV Bharat

आठ कंपनियों को मिला टेंडर. (ETV Bharat)

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम के लिए दो हेली ऑपरेटर्स- ट्रांस भारत एविएशन और चिपसन एविएशन की ओर से सेवाएं दी जाएगी. इसी तरह फाटा से केदारनाथ धाम के लिए चार हेली ऑपरेटर्स- यूनाइटेड हेलीचाटर्स, थंबी एविएशन, राजस एयरोस्पोर्टस एंड एडवेंचर्स और पिल्ग्रीमेज एविएशन की ओर से सेवाएं दी जाएगी. इसके अलावा सिरसी से केदारनाथ धाम के लिए दो हेली ऑपरेटर्स- एरो एयरक्राफ्ट और हिमालयन हेली की ओर से सेवाएं दी जाएगी.

केदारनाथ धाम के लिए 8 हेली ऑपरेटर का हुआ है चयन:

  • ट्रांस भारत एविएशन की ओर से गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम के लिए सेवाएं दी जाएगी, जो रोजाना 24 शटल सेवाएं संचालित करेगी.
  • चिपसन एविएशन की ओर से गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम के लिए सेवाएं दी जाएगी, जो रोजाना 24 शटल सेवाएं संचालित करेगी.
  • यूनाइटेड हेलीचाटर्स की ओर से फाटा से केदारनाथ धाम के लिए सेवाएं दी जाएगी, जो रोजाना 24 शटल सेवाएं संचालित करेगी.
  • थंबी एविएशन की ओर से फाटा से केदारनाथ धाम के लिए सेवाएं दी जाएगी, जो रोजाना 24 शटल सेवाएं संचालित करेगी.
  • राजस एयरोस्पोर्टस एंड एडवेंचर्स की ओर से फाटा से केदारनाथ धाम के लिए सेवाएं दी जाएगी, जो रोजाना 24 शटल सेवाएं संचालित करेगी.
  • पिल्ग्रीमेज एविएशन की ओर से फाटा से केदारनाथ धाम के लिए सेवाएं दी जाएगी, जो रोजाना 24 शटल सेवाएं संचालित करेगी.
  • एरो एयरक्राफ्ट की ओर से सिरसी से केदारनाथ धाम के लिए सेवाएं दी जाएगी, जो रोजाना 32 शटल सेवाएं संचालित करेगी.
  • हिमालयन हेली की ओर से सिरसी से केदारनाथ धाम के लिए सेवाएं दी जाएगी, जो रोजाना 32 शटल सेवाएं संचालित करेगी.

हेली सेवाओं में 30 प्रतिशत की कटौती: पिछले साल डीजीसीए की ओर से जारी दिशा निर्देशों के आधार पर ही इस साल भी शटल सेवाओं में 30 फीसदी कटौती के साथ ही शटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा. गुप्तकाशी से केदारनाथ धाम तक के लिए रोजाना तय ऑपरेटर्स की ओर से 24 शटल सेवाएं दी जाएगी.

ETV Bharat

केदारनाथ की हेली सेवा में 30 फीसदी की कटौती की गई. (ETV Bharat)

इसी तरह फाटा से केदारनाथ धाम तक के लिए रोजाना तय ऑपरेटर्स की ओर से 24 शटल सेवाएं दी जाएगी. यानी 1 घंटे में तीन शटल हेली सेवाएं संचालित होंगी जो पिछले साल तक चार थीं. इसके अलावा सिरसी से केदारनाथ धाम तक के लिए तय ऑपरेटर्स की ओर से एक घंटे में चार शटल सेवाएं दी जाएंगी, यह पिछले साल तक छह थीं. यानी रोजाना सिरसी से केदारनाथ धाम तक के लिए 32 शटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा.

हेमकुंड साहिब के लिए तय किया गया किराया: हर साल की तरह इस साल भी हेमकुंड साहब के लिए हेली सेवाओं का संचालन किया जाएगा. हालांकि, पिछले साल यानी साल 2025 में पवन हंस हेली ऑपरेटर्स का चयन अगले 2 साल के लिए किया गया था, जिसके तहत पिछले साल गोविंदघाट से घांघरिया के लिए जीएसटी सहित किराया 10,080 रुपए प्रति व्यक्ति राउंड ट्रिप का रखा गया था.

Etv Bharat

हेमकुंड साहिब हेली सेवा का किराया. (ETV Bharat)

वहीं इस साल हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवाओं के किराए में 5 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई है. ऐसे में हेली सेवाओं के जरिए गोविंदघाट से घांघरिया जाने वाले यात्रियों को जीएसटी सहित 10,584 रुपए देना होगा. इसके अलावा IRCTC की वेबसाइट से बुक करने पर अतिरिक्त प्लेटफार्म चार्ज का भुगतान करना होगा. बता दें कि घांघरिया से हेमकुंड साहिब की दूरी चार से पांच किमी है.

बदरीनाथ धाम के लिए भी हेली सेवा शुरू: इस साल चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम की तर्ज पर ही बदरीनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं के संचालन का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत गौचर से बदरीनाथ धाम तक के लिए शटल हेली सेवाओं का संचालन किया जाएगा.

ETV Bharat

बदरीनाथ के लिए भी इस साल हेली सेवा शुरू की गई है. (ETV Bharat)

जानिए गौचर से बदरीनाथ का किराया: इसके लिए नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की ओर से टेंडर प्रक्रिया भी पहले ही पूरी की जा चुकी है. ऐसे में हेली सेवाओं के जरिए गौचर से बदरीनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को जीएसटी सहित 22,000 रुपए प्रति व्यक्ति राउंड का किराया देना होगा.

ETV Bharat

बदरीनाथ धाम के लिए भी गौचर से हेली सेवा शुरू की गई. (ETV Bharat)

2024 में श्रद्धालुओं ने नहीं दिखाई थी रुची: दरअसल, साल 2024 में यात्रा के दौरान नागरिक उड्डयन विभाग ने पहली बार ट्रायल बेसिस पर गौचर से बदरीनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का संचालन शुरू किया था, लेकिन इस सेवा के लिए श्रद्धालुओं ने कोई खास रुची नहीं दिखाई थी. इस बार फिर से बदरीनाथ धाम के लिए गौचर से हेली सेवा शुरू की जा रही है.

ETV Bharat

इस तरह बुक करें हेली सेवा की टिकट. (ETV Bharat)

सीईओ आशीष चौहान ने दी अहम जानकारी: ईटीवी भारत से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार गुप्तकाशी और फाटा से केदारनाथ धाम तक के लिए हेलीकॉप्टर किराया बढ़ा है, जबकि सिरसी से केदारनाथ धाम तक के लिए किराए को कम रखा गया है.

मुख्यमंत्री के निर्देश: आशीष चौहान ने साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश हैं कि हेलीकॉप्टरों के टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग को रोका जाए और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए. लिहाजा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से प्रयास यही किया जाएगा कि ऐसी किसी भी शिकायत पर तत्काल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

ETV Bharat

चारधाम के कपाट खुलने की तिथि. (ETV Bharat)

टेंपरेरी ATC बनाए गए: आशीष चौहान ने बताया कि डीजीसीए के साथ दो से तीन दौर की बैठकें हो चुकी है. इसके साथ ही बीते मंगलवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के साथ भी मीटिंग हो चुकी है. दो नए टेंपरेरी एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) बदरीनाथ और केदारनाथ में बनाए गए हैं. उसके लिए 5 कर्मचारियों का चयन भी कर लिया गया है. मौसम की सटीक जानकारी के लिए अत्यधिक इक्विपमेंट्स लगाए जाने है, उसके लिए टेंडर हो चुका है. एटीसी हवाई अड्डों पर स्थित एक महत्वपूर्ण सेवा है, जो रडार और रेडियो के माध्यम से विमानों के सुरक्षित टेक-ऑफ, लैंडिंग और उड़ान को नियंत्रित करती है.

पीटीजेड कैमरे की संख्या को बढ़ाया गया: इसके अलावा उन्होंने बताया कि पीटीजेड कैमरे की संख्या को बढ़ाया जा रहा है. इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम तमाम जगहों पर काम करेंगे. लगातार हेली ऑपरेटर्स को मॉनिटर किया जाएगा. साथ ही हेली ऑपरेटर्स की ओर से लापरवाही बरतने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. पिछले साल की तरह ही इस साल भी केदारनाथ और बदरीनाथ में टेंपरेरी एटीसी काम करेंगे.

ETV Bharat

इस साल चारधाम हेली सेवा का किराया बढ़ाया गया. (ETV Bharat)

केदारनाथ और बदरीनाथ में परमानेंट एटीसी स्थापित किए जाएंगे: इसके अलावा उन्होंने बताया कि सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के साथ-साथ केदारनाथ और बदरीनाथ में परमानेंट एटीसी स्थापित करने पर काम किया जाएगा. एटीसी लगाने के लिए चमोली में भूमि मिल गई है, जिसके के लिए जिला प्रशासन से एनओसी भी प्राप्त हो गई है. डीपीआर तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं.

साथ ही केदारनाथ में रोपवे परियोजनाओं की वजह से दूसरी जगह पर भूमि चिह्नित करनी है, जिसके लिए 2 अप्रैल को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और हेड ऑफ ऑपरेशन का सर्वे होना है. केदारनाथ धाम के लिए संचालित होने वाली हेली सेवाओं की बुकिंग शुरू किए जाने को लेकर आईआरसीटीसी के साथ बातचीत चल रही है. 10 अप्रैल से बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गौचर से बदरीनाथ धाम तक के लिए नई शटल हेली सेवा शुरू की गई है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. साथ ही टिकट का किराया भी तय कर लिया गया है. ऐसे में इस साल गौचर से बदरीनाथ धाम हेली सेवाओं के जरिए जाने का अवसर मिलेगा.

पढ़ें—

एक नजर