लांस नायक विकास कुमार का निधन (फोटो सोर्स- X@harishrawatcmuk)
देहरादून: सिक्किम में आए एवलॉन्च में उत्तराखंड ने एक जवान को खो दिया है. जहां एवलॉन्च की चपेट में आकर लांस नायक विकास कुमार का निधन हो गया. जिससे पूरे प्रदेश में शोक की लहर है. बताया जा रहा है कि लांस नायक विकास कुमार सिक्किम में तैनात थे. जहां उनके साथ दुखद हादसा हो गया.
सिक्किम में एवलॉन्च की चपेट में आने से लांस नायक विकास कुमार का निधन: जानकारी के मुताबिक, सिक्किम में एवलॉन्च की चपेट में आकर जान गंवाने वाले जवान विकास कुमार मूल रूप से पिथौरागढ़ के सुगौली के गणकोट के रहने वाले थे. जो 19 कुमाऊं रेजीमेंट में लांस नायक के पद पर तैनात थे. जो बीती 29 मार्च को गश्त के दौरान एवलॉन्च (हिमस्खलन) की चपेट में आ गए थे. जिसमें उन्होंने धरती को अलविदा कह दिया.
अपनी पत्नी और 8 महीने की बच्ची छोड़ गए विकास कुमार: बताया जा रहा है कि जवान का पार्थिव शरीर पहले विमान के जरिए दिल्ली और फिर वहां से सड़क मार्ग से पिथौरागढ़ लाया जाएगा. विकास अपने पीछे पत्नी प्रीति और 8 महीने की बच्ची को छोड़कर चले गए हैं. घर पर पिता गणेश राम, माता मंजू देवी और बड़ा भाई भी हैं. पूरे गांव में इस समय शोक की लहर है. जवान के निधन की सूचना मिलते ही परिजन गहरे सदमे में आ गए है. पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.
दिल्ली से सड़क मार्ग से गांव लाया जा रहा पार्थिव शरीर: पूरे गांव में शोक छाया हुआ है. ग्रामीण और रिश्तेदार जवान के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं. गणकोट सुगौली के ग्रामीण बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे. जहां उन्होंने डीएम आशीष भटगांई से मुलाकात की. ग्रामीणों ने कहा कि दिल्ली से सड़क मार्ग से पार्थिव शरीर लाया जा रहा है. ग्रामीणों ने जवान का पार्थिव शरीर विमान से पिथौरागढ़ लाए जाने की मांग की.
भारत मां 🇮🇳 के वीर सपूत, उत्तराखंड के लाल, सुकौली (जनपद पिथौरागढ़) निवासी 19 कुमाऊं रेजीमेंट के लांसनायक विकास कुमार जी के सिक्किम में भारत मां की सेवा करते हुए एवलांच की चपेट में आकर शहीद होने का समाचार अत्यंत दुखद है।
मैं उन्हें विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित करता हूँ तथा शोक संतप्त… pic.twitter.com/4ROo2skiTS— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) April 1, 2026
जवान के निधन पर पूर्व सीएम ने जताया शोक: वहीं, जवान विकास कुमार के निधन पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने शोक जताया है. साथ ही शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है. उनका कहना है कि जवान विकास कुमार का बलिदान हम सभी को हमेशा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा. इसके अवाला तमाम राजनेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी जवान के आकस्मिक निधन पर शोक जताया है.
“भारत मां के वीर सपूत, उत्तराखंड के लाल, सुकौली (पिथौरागढ़) निवासी 19 कुमाऊं रेजीमेंट के लांस नायक विकास कुमार जी के सिक्किम में भारत मां की सेवा करते हुए एवलॉन्च की चपेट में आकर शहीद होने का समाचार अत्यंत दुखद है. मैं उन्हें विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. उनका यह सर्वोच्च बलिदान हम सभी को सदैव राष्ट्रसेवा और कर्तव्यपथ पर अडिग रहने की प्रेरणा देता रहेगा. ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें.“- हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री
ये भी पढ़ें-

