निरीक्षण पर निकले कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत (फोटो- ETV Bharat)
नैनीताल: खुर्पाताल क्षेत्र में झील किनारे होटल के निर्माण में बरती जा रही अनियमितता के मामले पर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने सख्त रुख अपनाया है. कमिश्नर रावत ने जिला विकास प्राधिकरण की सहायक अभियंता और अवर अभियंता पर कार्रवाई करते हुए दोनों के वेतन रोकने के निर्देश जारी कर दिए हैं.
दरअसल, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत 31 मार्च को खुर्पाताल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण के लिए पहुंचे. जहां उन्होंने देखा कि झील किनारे बनाए जा रहे होटल और अन्य निर्माण की दूरी झील से 30 मीटर से कम थी. जिस पर दीपक रावत ने विभागीय अधिकारियों से इसकी जानकारी मांगी तो वो जवाब नहीं दे पाए. ऐसे में मामले में नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए.
फिर एक्शन में दिखे कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत (वीडियो- ETV Bharat)
एई और जेई का रोका वेतन: कमिश्नर दीपक रावत ने सचिव झील विकास प्राधिकरण को तत्काल दोनों अधिकारियों पर काम में लापरवाही बरतने पर सहायक अभियंता अभिषेक और अवर अभियंता बबीता का वेतन रोकने के आदेश दिए. साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश भी जारी किए.
खुर्पाताल झील के किनारे 30 मीटर परिधि के भीतर बनाए जा रहे होटल: वहीं, निरीक्षण के दौरान कमिश्नर रावत ने खुर्पाताल झील के किनारे 30 मीटर परिधि के भीतर बनाए गए होटल और भवनों पर नाराजगी जताई. उन्होंने मौके से ही सचिव, जिला विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ तत्काल चालान की कार्रवाई की जाए.

खुर्पाताल झील के किनारे हो रहे निर्माण पर सख्ती (फोटो- ETV Bharat)
प्राधिकरण की भूमि पर कचरा डालने पर सख्ती: साथ ही झील से सटी प्राधिकरण की जमीन पर किए गए कब्जों को दो दिन के भीतर हटाने के आदेश भी दिए. इस दौरान प्राधिकरण की भूमि पर कचरा डाले जाने का मामला भी सामने आया. इस पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए दीपक रावत ने राजस्व निरीक्षक और उप निरीक्षक को कड़े निर्देश दिए.
कचरा डालने वालों पर लगेगा जुर्माना: दीपक रावत ने दो दिन के भीतर कचरा डालने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाने को कहा. भ्रमण के दौरान कमिश्नर रावत ने प्राथमिक विद्यालय खुर्पाताल के गेट पर ताला लगाने को लेकर चल रहे विवाद का भी मौके पर समाधान कराया.

खुर्पाताल क्षेत्र के निरीक्षण पर दीपक रावत (फोटो- ETV Bharat)
उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय गेट पर नया ताला लगाया जाए, जिसकी चाबियां प्राथमिक विद्यालय, ग्राम पंचायत और परिसर में संचालित उद्यान विभाग के पास रहेंगी. ताकि, सभी जरूरत अनुसार परिसर का इस्तेमाल कर सकें. इसके अलावा स्थानीय निवासियों की पेयजल समस्या पर भी जल्द समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पंचायत घर और प्राधिकरण की भूमि का भी जायजा लिया.
ये भी पढे़ं-

