केदारनाथ धाम में बर्फीली चुनौती! (ETV Bharat)
रुद्रप्रयाग: आगामी केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं. जिलाधिकारी के निर्देशन में प्रशासन की टीमें हर स्तर पर मुस्तैदी के साथ जुटी हुई हैं. केदारनाथ धाम क्षेत्र में जमी भारी बर्फ को हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर लगातार जारी है. जिससे यात्रा मार्ग को समय रहते सुचारु किया जा सके.
बर्फबारी के बीच भी पैदल मार्ग से लेकर धाम परिसर तक सफाई और रास्ता खोलने का अभियान लगातार चल रहा है. विषम परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड के बावजूद टीमें दिन-रात जुटकर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित मार्ग तैयार करने में लगी हैं. इस चुनौतीपूर्ण कार्य में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान भी पूरी ताकत के साथ प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं. जवान कठिन मौसम में अपनी जान जोखिम में डालकर बर्फ हटाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.
केदारनाथ धाम में बर्फीली चुनौती! (ETV Bharat)
केदारनाथ पैदलमार्ग पर 60 मजदूरों की टीम को तैनात किया है. जिन्हें दो अलग-अलग दलों में विभाजित कर कार्य में लगाया गया है. एक 30 सदस्यीय दल केदारनाथ धाम से नीचे की ओर बर्फ हटाने का कार्य कर रहा है. दूसरा दल छोटी लिंचोली से ऊपर की ओर बढ़ते हुए मार्ग को साफ करने में जुटा है. यह टीम विशेष रूप से मार्ग के छह प्रमुख ग्लेशियर प्वाइंट्स पर जमी मोटी बर्फ को हटाने का कार्य कर रही है.
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ धाम के कपाट खुल रहे हैं. यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही यात्रा मार्ग पर हर संभावित जोखिम को ध्यान में रखते हुए रणनीति तैयार की गई है. उन्होंने कहा प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है. इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें.
बता दें चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है. सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे. इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे. 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे. चारोंधामों में इन दिनों तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं.
पढ़ें- भैरव और कुबेर ग्लेशियर क्षेत्र में जमी 15 से 18 फीट बर्फ, हटाने में जुटे 60 मजदूर
पढ़ें- केदारनाथ यात्रा का काउंटडाउन शुरू, प्रभारी मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा, दिए ये निर्देश

