रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा 2026 के तहत श्री केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा को लेकर विधायक आशा नौटियाल की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इससे पूर्व डीएम विशाल मिश्रा और एसपी ने केदारनाथ पहुंच कर यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने के काम को तेज करने के निर्देश दिए।
ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि पीएम नरेंद्र मोदी केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के समय 22 अप्रैल को बाबा केदार के दर्शन के लिए आ सकते हैं।
यात्रा तैयारी बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के साथ ही स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, पूर्ति एवं अन्य विभागीय अधिकारियों सहित स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
विकास खंड सभागार ऊखीमठ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हर साल बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करना सुनिश्चित करे, ताकि श्री केदारनाथ यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित जन प्रतिनिधियों, व्यापार संगठन, होटल व्यवसायियों से श्री केदारनाथ यात्रा को लेकर सुझाव मांगे।
उन्होंने बैठक में प्रतिभाग करने वाले विभिन्न वर्ग के प्रतिनिधियों से पूर्व में संचालित यात्रा का फीडबैक भी लिया। साथ ही सफल यात्रा संचालन में सभी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.
जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने यात्रा मार्ग की सड़कों, पैदल मार्ग, बिजली और पानी की आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों के लिए पंजीकरण और ट्रैकिंग सिस्टम को और अधिक मजबूत करने तथा समूचे यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।

